मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में कोरोना टेस्टिंग किट का बैकअप रखा जाए, ताकि जांच कार्य लगातार जारी रखा जा सके। कोविड-19 के संक्रमण के नियंत्रण में जांच काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में पर्याप्त संख्या में टेस्टिंग किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को लोक भवन में उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य को जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेजों और चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ, मेरठ, गोरखपुर, प्रयागराज, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर पर विशेष ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन जिलों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में तेजी लाई जाए। सभी चिकित्सालयों और मेडिकल कॉलेजों में ऑक्सीजन सुगमतापूर्वक उपलब्ध रहे।
यह सुनिश्चित किया जाए कि ऑक्सीजन निर्धारित मूल्य पर ही मिले। किसी भी दशा में ऑक्सीजन की कालाबाजारी न होने पाए। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
योगी ने कहा कि मुख्य सचिव कार्यालय जिला प्रशासन से संवाद बनाकर लगातार मॉनिटरिंग करे। कोरोना संक्रमण से बचाव और सुरक्षा के संबंध में आमजन को लगातार जागरूक करें। कोविड हेल्प डेस्क को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए।
मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत धान की खरीद के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। धान खरीद केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बिजनौर के गो-आश्रय स्थल की व्यवस्थाएं बेहतर करने के निर्देश भी दिए।
बिजली गिरने से जनहानि न्यूनतम करने को मजबूत करें अलर्ट सिस्टम
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली गिरने से होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए अलर्ट सिस्टम को मजबूत किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि दैवी आपदा से होने वाली जनहानि में राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली आर्थिक मदद प्रभावित लोगों को समय से उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टंडन, कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा, अपर मुख्य सचिव वित्त संजीव मित्तल, अपर मुख्य सचिव गृह एवं सूचना अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक हितेश सी अवस्थी भी मौजूद रहे।