Corona effect : Hostlers requested to go home
लखनऊ। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए 10 अप्रैल तक ऑनलाइन क्लास के निर्णय के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन ने हॉस्टल में रह रहे छात्र-छात्रात्रों से वापस घर जाने की अपील की है। उनसे ऑफलाइन क्लास शुरू होने पर ही वापस आने को कहा। इतना ही नहीं अगर वे हॉस्टल में रुकते हैं तो बिना अनुमति बाहर नहीं जा पाएंगे।
होली से बिल्कुल पहले तक परीक्षा चलने और होली के बाद प्रस्तावित परीक्षा को देखते हुए अभी भी विवि के एक दर्जन से अधिक छात्रावासों में काफी संख्या में छात्र-छात्राएं रुके हुए हैं। वहीं पिछले दिनों विवि में कई शिक्षक (छात्रावास से जुड़े भी) कोरोना संक्रमित हुए हैं, जिसके बाद विवि ने 10 अप्रैल तक अपने यहां ऑनलाइन क्लास चलाने का निर्णय लिया। साथ ही 06 अप्रैल से प्रस्तावित परीक्षा भी टाल दी है। विवि प्रशासन ने हॉस्टल में रह रहे विद्यार्थियों की कोविड जांच भी करवाई थी। वहीं, अब कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफे को देखते हुए चीफ प्रोवोस्ट प्रो. नलिनी पांडेय ने एक सूचना जारी कर हॉस्टल में रह रहे स्टूडेंट्स से घर जाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि जब ऑफलाइन क्लास शुरू हो विद्यार्थी तभी वापस लौटे। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर विद्यार्थी हॉस्टल में रहते हैं तो बिना प्रोवोस्ट की अनुमति के विशेष परिस्थितियों को छोड़कर वो बाहर नहीं जा सकेंगे।