सर्वे अभियान जारी, रिपोर्ट रेलमंत्री को भेजी जाएगी
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राष्ट्रीय कुली मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कुलियों की रेलवे में नौकरी, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे पर लखनऊ सहित सभी राज्यों में सम्मेलन कराने का निर्णय लिया है। बैठक में संगठन का विस्तार भी किया जाएगा। छह संगठन समन्वय बनाए गए हैं।
इसमें पूर्वी भारत से चंदेश्वर मुखिया, मध्य भारत से रामबाबू भिलाला, उत्तर भारत से राज कपूर, दक्षिण से जफर अहमद, पश्चिम से रमेश ठाकुर व जितेंद्र डांगी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे ही कलीम मकरानी, अनिल सांवले, अरुण कुमार, शेख रहमतुल्लाह, राजकुमार यादव को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। संगठन के अतिरिक्त कुछ राज्यों के कोऑर्डिनेटर भी बनाए गए हैं। इसमें राहुल कुमार को बिहार, कन्हैया ग्वाला को पश्चिम बंगाल, राम महावर को मध्य प्रदेश, अरविंद कुमार को उत्तर प्रदेश, ओमप्रकाश खींची को राजस्थान, चंद्रू चालवाड़ी को कर्नाटक, महेश को जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी दी गई है। मोर्चा के कोऑर्डिनेटर राम सुरेश यादव ने बताया कि कुलियों ी आर्थिक स्थिति को लेकर हो रहे सर्वे को अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। बड़ी संख्या में विभिन्न स्टेशनों पर कुली सर्वे फॉर्म जमा करवाए जा रहे हैं। सर्वे पूरा होने पर रिपोर्ट रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजी जाएगी।