श्रावस्ती। जिला अस्पताल में तीमारदारों को बैठने के लिए बनवाए गए शेड में ठेकेदार ने अपना सामान रखकर ताला लगा दिया है। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में मरीज व तीमारदारों की सुविधा के लिए तीमारदार शेड का निर्माण कराया गया है। इसका उद्देश्य मरीज के साथ आने वाले तीमारदारों को सुविधा देना था। लेकिन शेड निर्माण का उद्देश्य पूरा होता नहीं दिख रहा है। इसका कारण है कि शेड में एक ठेकेदार ने निर्माण सामग्री रखकर उस पर कब्जा जमा रखा है।
ऐसे में तीमारदारों को खुले आसमान के नीचे दिन बिताना पड़ रहा है। इमरजेंसी में आने वाले मरीज के तीमारदारों को मरीज के बेड के पास ही बैठना पड़ता है। इसके बावजूद जिम्मेदार इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस बारे में सीएमएस डॉ. रामगोपाल ने बताया कि इसकी जानकारी हुई है। शेड को खाली कराकर तीमारदारों के लिए व्यवस्थित किया जाएगा।