लखनऊ। अर्जुनगंज उपकेंद्र इलाके में बुधवार सुबह 11:15 बजे संविदा लाइनमैन हाईटेंशन लाइन के खंभे से नीचे गिर गया। दुर्घटना में उसकी पीठ में लोहे का एंगल घुस गया, जिससे रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। हालांकि, कर्मचारी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
सविंदा लाइनमैन धर्मराज शाहखेड़ा में 250 केवीए के ट्रांसफार्मर की लाइन का फ्यूज बांधने के लिए खंभे पर चढ़े थे। उन्होंने काम शुरू करने से पहले रिंग मेन यूनिट से बिजली बंद करा दी थी, मगर लाइन के करंट को डिस्चार्ज किए बिना ही काम करना शुरू कर दिया। जैसे ही उन्होंने केबल में फ्यूज बांधने के लिए उसे छुआ, करंट का तेज झटका लगा और वह नीचे आ गिरे।
अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सक्सेना ने बताया कि धर्मराज को पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। जांच और उपचार के बाद शाम को डॉक्टरों ने धर्मराज को अस्पताल से छुट्टी दे दी।