लखनऊ। यूपी गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में लखनऊ ताइक्वांडो एसोसिएशन की ओर से हॉर्नर कॉलेज, महानगर में राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि और यूपी भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, ने किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों का उत्साह बढ़ाकर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
माैके पर यूपी गुडविल ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव जावेद खान, संयुक्त निदेशक, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष एवं हॉर्नर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. माला मेहरा, उपाध्यक्ष मोनिका गुप्ता, कोषाध्यक्ष हिना हबीब समेत अन्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके अंतर्गत अंडर- 16 सब जूनियर बालिका वर्ग (16 किग्रा) में अबीशा जहां, सब जूनियर बालक वर्ग (35 किग्रा) में अयान, सब जूनियर बालक वर्ग (38 किग्रा) में आयुष्मान मिश्रा, सब जूनियर बालक वर्ग में देव मलिक, सब जूनियर बालक वर्ग (29 किग्रा) में प्रत्यूष कनौजिया और सब जूनियर बालिक वर्ग (26 किग्रा) में समृद्धि तिवारी ने स्वर्ण जीता।