हुसैनगंज वर्टिकल दफ्तर में खुला उपभोक्ता सेल।
लखनऊ। वर्टिकल व्यवस्था के तहत लखनऊ मध्य जोन के करीब तीन लाख उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हुसैनगंज के दफ्तर में शुक्रवार को उपभोक्ता सेवा सेल खुल गया। इस सेल में कई बिजली सेवाओं की उपभोक्ता प्रोसेसिंग फीस जमा कर सकेंगे। इससे उन लोगों को राहत मिलेगी, जो कनेक्शन का नाम परिवर्तन कराने सहित तमाम काम के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाते हैं।
अधीक्षण अभिंयता (कलेक्शन) मुकेश कुमार त्यागी के कक्ष में खुले इस सेल में एक कर्मचारी उपभोक्ताओं की समस्या का निपटारा करेगा। अफसरों ने बताया कि उपभोक्ता के लोड को कम करने एवं बढ़ाने, कनेक्शन का नाम बदलने, बहुबिंदु बिजली कनेक्शन के आवेदन आदि की प्रोसेसिंग फीस जमा हो सकेगी। सेल का बाबू फीस जमा होने के बाद उपभोक्ता के केस को ऑनलाइन कर उसके निपटारे की कार्रवाई शुरू करेगा।
ठीक हो रहे बिल, दुरुस्त हो रही बिजली
वर्टिकल के चारों जोन में गलत बिल ठीक करने एवं फॉल्ट को दुरुस्त करने में तेजी आई है। मुख्य अभियंता सुशील गर्ग ने बताया कि पूनम मिश्रा ने गलत बिल और मधु तिवारी की खराब केबल को बदलने की शुक्रवार को शिकायत दर्ज कराने के चार घंटे के भीतर निवारण कर दिया गया। मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि सात दिन में 308 नए कनेक्शन के आवेदन हुए, जिसमें से 125 की रिपोर्ट पूरी हो चुकी है। सुधीर शुक्ला निवासी केशव नगर, विशाल तिवारी, रेनू पांडे की बिजली सप्लाई, पल्लवी, आशीष की बिल संबंधी समस्या दूर की गई। मुख्य अभियंता महफूज आलम ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे तक 57 शिकायतें दर्ज हुई। सुजीत कुमार सूरजखंड खेड़ा के क्षतिग्रस्त मीटर को बदलने, आदर्श श्रीवास्तव निवासी दुबग्गा ने बिल अनहोल्ड की शिकायत दर्ज कराई, जो तत्काल दूर कर दी गई। मोहनलालगंज के रामगोपाल, राम औतार का केवाईसी अपडेट किया गया। मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने बताया कि बिल की 163 और सप्लाई की 102 शिकायतें दर्ज हुईं। इन सभी का उसी दिन निवारण हुआ, जिस दिन दर्ज हुईं।