राजाजीपुरम और इसके आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों को जाम से मुक्ति मिलने वाली है। अखिलेश सरकार अब लखनऊ के सुंदरीकरण को लेकर सख्त नजर आ रही है।
अगर सबकुछ ठीक रहा तो साल के अंत तक राजाजीपुरम समेत आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों को जाम के झंझट से छुटकारा मिल सकेगा।
डीएम ने जलालपुर अंडरपास दिसंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया है। साथ ही लखनऊ के सुंदरीकरण से जुड़े प्रोजेक्ट को भी तय समय सीमा में पूरा करने को कहा है।
करोड़ों के प्रोजेक्ट में लेटलतीफी पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नाराजगी का असर सरकारी अमले पर नजर आने लगा है। पुराने लखनऊ के सुंदरीकरण समेत कई विकास परियोजनाओं की प्रगति देखने रविवार को जिलाधिकारी खुद निकले।
डीएम ने प्रोजेक्ट को पूरा करने में तेजी लाने व तय समय में पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी रविवार को जलालपुर पारा क्रॉसिंग के पास बन रहे अंडरपास की प्रगति देखने पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने देखा कि अंडर ब्रिज के किनारे की दीवार, रेलिंग, नीचे की सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है,
लेकिन जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं है।
... तो सुंदर हो जाएगा लखनऊ
प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस रिपोर्ट के बारे में नगर निगम के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि अंडर ब्रिज का पानी पंप सेट से निकाले जाने की व्यवस्था की जा चुकी है। लाइट का काम भी पूरा हो चुका है।
दिसंबर महीने तक प्रोजेक्ट के सारे काम भी पूरे कर लिए जाएंगे। इससे पहले डीएम ने लोक निर्माण, नगर निगम, एलडीए के अधिकारियों के साथ पुराने लखनऊ के कई प्रोजेक्ट की हकीकत परखी।
उन्होंने बुद्वापार्क के सामने सड़क निर्माण, फुटपाथ पर इनंटरलॉकिंग के काम , पुराने लखनऊ स्थित ऐतिहासिक शीश महल, सतखंडा पार्क फाउंटेन, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्कों का सौंदर्यीकरण की प्रगति देखी।
अधिकारियों ने डीएम को बताया कि बुद्धापार्क के सामने सड़क का निर्माण हो रहा है। छोटी गिट्टी बिछाने के बाद यहां दो मीटर के फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग होगी।
संवरेगा शीशमहल पार्क
ऐतिहासिक शीशमहल सतखंडा पार्क में लिंटर पड़ने के साथ ही यहां बन रहे फाउंटेन की रेलिंग अक्तूबर तक पूरी होने की रिपोर्ट नगर निगम अधिकारियों ने उन्हें दी।
अधिकारियों को उन्होंने तय समय के भीतर ग्रिल लगाए जाने की बात भी कही। डीएम ने पार्क के पानी का निकास, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य प्रोजेक्ट भी तय समय में पूरा करने को कहा।
हुसैनाबाद तालाब के निरीक्षण के दौरान डीएम ने तालाब में कई जगहों पर सीढ़ियों की टूटी-फूटी ईंटें दुरुस्त कराए जाने को कहा। शीश महल तालाब के निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब की खोदाई, सफाई, रेलिंग का काम तय समय में पूरा करने को कहा।
उन्होंने तालाब के चारों तरफ की सीढ़ियों को भी पूरा करने के लिये निर्देश दिए। मेंहदी घाट की सीढ़ियों का निर्माण भी उन्होंने जल्द कराने का निर्देश सिंचाई विभाग को दिया है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट (द्वितीय) छोटे लाल मिश्र, अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह, एलडीए के अधिशासी अभियंता बीसी श्रीवास्तव, नगर निगम, लोक निर्माण के अधिकारी मौजूद रहे।