दुबग्गा। परिजनों से नाराज होकर शराब के नशे में धुत शिव शंकर (50) ने शनिवार देर रात पारा थाने के सामने शारदा नहर में छलांग लगा दी। सिपाही उदयभान ने तत्परता दिखाते हुए उनकी जान बचाई।
विज्ञापन
हंसखेड़ा की डूडा कॉलोनी निवासी शिव शंकर रात करीब दो बजे नहर में कूद गए थे। सूचना मिलते ही पारा थाने के सिपाही उदयभान रस्सी लेकर नहर में उतरे। करीब 10 मिनट की मशक्कत के बाद उन्होंने शिव शंकर को सुरक्षित बाहर निकाला। इंस्पेक्टर पारा सुरेश सिंह ने बताया कि शिव शंकर शराब पीने के आदी हैं। परिजनों से मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने आत्महत्या के इरादे से यह कदम उठाया था। पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। स्थानीय लोगों ने सिपाही उदयभान के साहस की सराहना की है।