लखनऊ। पारा के तेजीखेड़ा स्थित पीली कोठी में किराये पर रह रहे अधिवक्ता जितेंद्र कुमार चौधरी ने मकान मालिक राकेश सिंह बाबा, उन्नाव में तैनात सिपाही ओम प्रकाश समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के मुताबिक, जितेंद्र 26 नवंबर 2024 से राकेश सिंह के मकान में पांच हजार रुपये मासिक किराये पर रह रहे हैं।
आरोप है कि 13 सितंबर की रात करीब 10:38 बजे मकान मालिक के परिचित ओम प्रकाश ने किराये के विवाद में फोन पर गाली-गलौज की। 18 मिनट बाद वह दो साथियों के साथ नशे की हालत में पहुंचा और अधिवक्ता को पीटा। आरोप है कि सिर दीवार से लड़ाने के साथ जातिसूचक शब्द कहे गए। इसके बाद कमरे में ताला लगाकर बाइक कब्जे में ले ली और विरोध करने पर धमकी दी।
इंस्पेक्टर ने बताया कि मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने, कमरे में जबरन ताला लगाने और बाइक कब्जे में लेने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।