फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस की छवि बनाने या बिगाड़ने में सिपाहियों की अहम भूमिका : डीजीपी

Tue, 04 Jun 2019 12:18 AM IST
Amulya Rastogi न्यूज डेस्क, अमर उजाला लखनऊ
विज्ञापन
यूपी डीजीपी ओमप्रकाश सिंह। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
पुलिस एक अनुशासित बल है। यहां की गई अनुशासनहीनता आपको एक मिनट में नौकरी से बाहर कर सकती है। आपका व्यवहार और आचरण पुलिस की छवि बनाने और बिगाड़ने में अहम भूमिका अदा करती है। ये बातें डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने कहीं। वे सोमवार को सिपाही भर्ती 2018 के 25 हजार रंगरू टों के छह माह के प्रशिक्षण सत्र के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि यूपी देश का इकलौता राज्य है जहां वर्चुअल क्लास के माध्यम से ट्रेनिंग दी जा रही है। पुलिस विभाग में 25 हजार सिपाहियों की बढ़ोतरी हो रही है। यह विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने रंगरूटों से कहा कि अभी तक पुलिस को लेकर आप लोगों के अलग-अलग अनुभव रहे होंगे, लेकिन अब जब आप खुद वर्दी पहनेंगे और चुनौतियों का सामना करेंगे तो आपको पुलिस की भूमिका का एहसास होगा। 

किसी को मुसीबत में हमसे क्या अपेक्षाएं हैं और हम समाज को क्या दे सकते हैं, यह सब आपको प्रशिक्षण में सीखने को मिलेगा। शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए आउटडोर प्रशिक्षण जरूरी है। पुलिस की चुनौतियों का उदाहरण देते हुए कहा,ठंड में प्रयागराज में विश्वस्तरीय कुंभ हुआ, इसमें पुलिस ने अहम भूमिका निभाई और भीषण गर्मी में यूपी में सात चरणों में चुनाव हुए। 

इसमें भी पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 6 माह में विपरीत मौसम में दो बड़े आयोजन सकुशल संपन्न कराना बड़ी बात है। डीजीपी ने कहा, दो प्रशिक्षण केंद्र सुल्तानपुर और जालौन में तैयार हैं, जहां पहली बार 1600 रंगरूट प्रशिक्षित किए जाएंगे। इन हाउस प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हम तकनीक का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रशिक्षण की क्वालिटी पर ध्यान दिया जा रहा है। मैं खुद इन केंद्रों पर जाकर निरीक्षण करूंगा।

94 केंद्रों पर प्रशिक्षित होंगे 24644 रंगरूट

सिपाही भर्ती 2018 के 41520 जवानों में से पहले चरण में नागरिक पुलिस के 23238 रंगरूट प्रशिक्षित किए जाएंगे। इनमें 4542 महिला सिपाही भी शामिल हैं। महिलाओं का प्रशिक्षण 16 केंद्रों पर होगा। प्रदेश में 66 अन्य केंद्रों पर 13980 सिपाही प्रशिक्षण लेंगे। 

शेष 4716 प्रशिक्षु सिपाहियों को सीआरपीएफ, बीएसएफ और सीआईएसएफ के प्रशिक्षण केंद्रों पर ट्रेनिंग दी जाएगी। पीएसी सीधी भर्ती 2015 के शेष 1406 सिपाहियों को दो केंद्रों पर प्रशिक्षित किया जाएगा। सिपाही भर्ती 2018 के तहत भर्ती हुए शेष सिपाहियों के प्रशिक्षण का दूसरा चरण 11 नवंबर को शुरू होगा।
 
विज्ञापन

2410 उप निरीक्षकों का प्रशिक्षण 20 से

डीजी प्रशिक्षण गोपाल गुप्ता ने बताया कि दरोगा सीधी भर्ती 2016 के 2410 उप निरीक्षकों का एक वर्ष का प्रशिक्षण 20 जून से शुरू होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें