अलीगंज इलाके में सोमवार देर रात एक दुकान पर मुफ्त बिरयानी के लिए झगड़ रहे एक सिपाही समेत दो लोगों को एसओ ने जमकर धुना और बंदी बना लिया। कई घंटे जद्दोजहद के बाद दोनों को थाने से छोड़ा गया।
सिपाही ने एसओ पर उत्पीड़न और लूट का आरोप लगाते हुए डीआईजी से शिकायत की। सीओ अलीगंज को मामले की जांच करने के लिए कहा गया है।
एसओ अलीगंज वीरेंद्र बहादुर यादव का कहना है कि पुरनिया स्थित लल्लू बिरयानी कार्नर पर सोमवार रात एक बजे झगड़े की सूचना पर के बाद चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। नशे में धुत कई लोगों को झगड़ा करते देख उन्होंने थाने से फोर्स मंगाई।
गश्त पर निकले एसओ ने फोर्स के साथ जाकर दो व्यक्तियों को पकड़ लिया और पुलिस एक्ट में चालान कर दिया गया। पकड़े गए व्यक्तियों में एक ने खुद को मड़ियांव थाने में तैनात कांस्टेबल कृष्णचंद्र पांडेय बताते हुए हंगामा किया।
दूसरे की पहचान अलीगंज के सेक्टर ए निवासी विनय तिवारी के रूप में हुई। वह एक कांस्टेबल का बेटा बताया जा रहा है। कागजी खानापूरी के साथ दोनों को दोबारा झगड़ा न करने की हिदायत देकर निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।