लखनऊ। भगत रविदास जी के प्रकाश पर्व पर बुधवार को केंद्रीय सिंह सभा आलमबाग गुरुद्वारा में आयोजित भव्य कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। इसमें शामिल सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बच्चों को प्रौद्योगिकी के साथ संस्कार और विरासत से भी जुड़ने का आह्वान करते हुए सिख गुरुओं और साहिबजादों के बलिदान को स्मरण किया।
विधायक ने गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से संचालित दशमेश पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों से संवाद के दौरान डिजिटल सशक्तीकरण की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने विद्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए पांच लाख रुपये सीएसआर फंड से उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। साथ ही मेधावी मानवी तिवारी व गुनीत सिंह को टैबलेट तथा विद्यालय के दो अन्य होनहारों को लैपटॉप दिए।
अवसर पर डॉ. सिंह ने उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कमेटी कार्यालय का शुभारंभ किया। विद्यालय की निर्माणाधीन स्किल डेवलपमेंट बिल्डिंग को देखा और इसकी मशीनें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मौके पर पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, सरदार निर्मल सिंह, सरदार राजपाल सिंह गुली, मनजीत सिंह तलवार, उपेंद्र सिंह तलवार आदि मौजूद उपस्थित रहे।