अखिल भारतीय कांग्रेस ने महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के अवसर पर उनके पुतले को जलाने की घटना के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस घृणित कृत्य को यूपी में अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने अंजाम दिया था।
कांग्रेस हाईकमान ने इसके खिलाफ सभी प्रदेशों की राजधानी में प्रात: 10 बजे प्रदर्शन करने का एलान किया है। यूपी में राजधानी के साथ-साथ जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन किए जाएंगे।
कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि 30 जनवरी को यूपी में हिंदू महासभा के लोगों ने गांधीजी के पुतले को गोली मारी थी। मिठाइयां बांटने के साथ ही नाथूराम गोडसे के फोटो पर माला पहनाई थीं। गोडसे के समर्थन में नारे भी लगाए थे।
केसी वेणुगोपाल का आरोप है कि भाजपा शासित राज्य में सत्ताधारी पार्टी के बिना गुप्त समर्थन के ऐसा कर पाना मुमकिन नहीं था। यह बताता है कि दक्षिणपंथी ताकतों में गांधीजी के आदर्शों धर्म निरपेक्षता, अहिंसा और भाईचारे के खिलाफ कितना जहर भरा हुआ है।