कांग्रेस ने प्रदेशभर में मंगलवार को डा. आंबेडकर सम्मान मार्च निकाला। गृहमंत्री अमित शाह की ओर से डा. आंबेडकर पर की गई टिप्पणी की निंदा की। आरोप लगाया कि संविधान खत्म करने में नाकाम भाजपा अब बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर पर हमला कर रही है। लखनऊ में प्रदर्शन के बाद मंगलवार को कांग्रेस ने सभी जिला, शहर एवं विधानसभा क्षेत्रों में डा. आंबेडकर सम्मान मार्च निकाला। विभिन्न इलाके में मार्च करते हुए डा. आंबेडकर के सम्मान में एकजुट रहने की अपील की गई। जगह- जगह डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए संविधान रक्षा के लिए तैयार रहने का संकल्प लिया गया।
वाराणसी में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में और आजमगढ़ में निवर्तमान प्रदेश महासचिव संगठन अनिल यादव के नेतृत्व में विरोध जताया गया। इसी तरह जौनपुर, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, बाराबंकी, रायबरेली, प्रयागराज आदि जिलों में भी शांतिपूर्ण ढंग से निकाले गए। मार्च के बाद संबंधित पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।