अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार पर सीधे पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि कोरोना संकट की त्रासदी में उत्तर प्रदेश को भाजपा की सरकार ने झोंककर तबाह कर दिया है। पी आर एजेंसी के बल पर नाकाम भाजपा सरकार अपनी गलतियों पर पर्दा डालकर जनता को धोखा देने का पाप कर रही है।
यही कारण है कि अब सत्ताधारी भाजपा के सांसद, केंद्रीय मंत्री, विधायक भी अपनी सरकार के झूठ, ढोंग, ढकोसला, हेराफेरी भरे फर्जी आंकड़ों की पोल खोल रहे है। उन्होंने कहा कि सच कड़वा होता है। सरकार को कांग्रेस के सवालों का जवाब और जनता को उचित इलाज के साथ गांवों कस्बो को संक्रमण रोकने की दिशा में ठोस कार्य करते हुए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और टीकाकरण के लिए गंभीर प्रयास करना चाहिये लेकिन त्रासदी के इस गम्भीर संकट में फंसी जनता की जीवन रक्षा के स्थान पर वह पी आर के बल पर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिये सवालों का जवाब देने के बजाय कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाकर प्रदेशवासियों को भ्रमित करने का घोर पाप कर रही है।
सरकार को श्मशान की चिताओं से उठती लपटे नहीं दिख रहीं। बिन इलाज के मौत के मुंह में गए लोगो के परिजनों द्वारा अभाव में प्रवाहित किये गए गए शव माँ गंगा यमुना में नहीं दिखाई दे रहे हैं।
सरकार निष्ठुरता, आत्ममुग्धता व अहंकार में डूबकर संकट की इस घड़ी में राजधर्म का पालन करने के बजाय ओछी राजनीति कर रही है। सरकार मानवता के साथ क्रूर मजाक पर आमादा है तो सवाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सवालों से विचलित भाजपा सरकार बौखलाकर तथ्यों से मुंह मोड़कर बौखलाहट में आकर फर्जी बयानबाजी कर रही है।