असम में भाजपा उम्मीदवारों का चुनाव प्रचार करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कांग्रेस और एआईयूडीएफ (ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट) पर जमकर हमला बोला। योगी ने असम के होजाई, रंगिया और कलई गांव में लगातार तीन रैलियां कर पार्टी उम्मीदवारों के लिए वोट मांगे। सीएम ने असम में घुसपैठियों को बसाने के लिए कांग्रेस की सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस की नीति तुष्टिकरण की रही है।
उन्होंने कहा ये धरती भारत के राष्ट्रवाद के नायक शंकरदेव की धरती है। उन्हीं के कारण असम की यह भूमि बच पाई है वरना कांग्रेस के षडयंत्रों से घुसपैठियों से ये धरती न बच पाती। शंकरदेव ने हमें घुसपैठ को लेकर सचेत किया था, इसीलिए कांग्रेस उनको कभी पचा नहीं पाई। कांग्रेस के कारण असम की धरती लंबे समय तक उग्रवाद की चपेट में झुलसती रही। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार किसी के साथ भेद भाव नहीं करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पिछले 6 वर्षों में मजबूती के साथ आगे बढ़ा है।
होजाई रैली में योगी ने अपने भाषण की शुरुआत असमिया भाषा से करते हुए कहा कि मैं आदि शक्ति कामख्या देवी को नमन करता हूं। योगी ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना साकार हुई है। आज भारत न सिर्फ देश को कोरोना वैक्सीन दे रहा है बल्कि विश्व के मित्र देशों को भी दे रहा है। पीएम मोदी की अगुआई में भारत ने कोरोना से लड़ाई जीती। पूरी दुनिया इसकी तारीफ कर रही है। उन्होंने कहा कि असम के युवाओं की ऊर्जा का सम्मान जरूरी है। जिस तरह से कोरोना के खिलाफ विजय पाई है उसी तरह विधान सभा चुनाव में भी जीत दिला कर एक बार फिर डबल इंजन की सरकार बनानी है।
केंद्र सरकार की पिछले छह वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि योजनाओं का लाभ सभी को बिना भेद भाव के दिया जा रहा है। कांग्रेस कश्मीर में तुष्टिकरण कर रही थी। केंद्र की भाजपा सरकार ने धारा 370 खत्म कर आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोंकने का काम किया। कांग्रेस कभी विकास की पक्षधर नहीं रही। कांग्रेस का लक्ष्य केवल जैसे-तैसे सत्ता प्राप्त करना रहा है। आज भी असम में कांग्रेस का सहयोगी एआईयूडीएफ जैसा दल है, जो घुसपैठ कराने में कुख्यात रहा है।
कांग्रेस गठबंधन असम के चुनाव को प्रभावित करने का कुत्सित प्रयास है। असम का चुनाव सभ्यता, संस्कृति और अस्मिता बचाने का चुनाव है। योगी ने कलई गांव में कहा कि ये बोडो क्षेत्र कांग्रेस की उग्रवाद और अलगाववाद की नीतियों की भेंट चढ़ गया था लेकिन पीएम मोदी की सबका साथ सबका विकास नीति के कारण यहां अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
योगी ने कहा कि आज भव्य राम मंदिर का सपना पीएम मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। योगी ने असम के लोगों को चुनाव बाद राम लला के दर्शन करने अयोध्या आने का न्योता भी दिया। सीएम ने कहा जय श्रीराम हमारा संबोधन, संस्कृति है। राम के बगैर भारत का काम नहीं चलेगा। ये नया भारत है। भारत की ओर कोई आंख उठाकर देखेगा तो जैसे भारत के जवानों सर्जिकल स्ट्राइक करके आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया था, उसी तरह उग्रवाद और अलगाववाद को भी दिया जाएगा। योगी ने तीन तलाक के जरिये भी विपक्ष पर करारी चोट करते हुए कहा कि जो तीन तलाक की बात करेगा वह सलाखों के पीछे जाएगा।