सोमवार को कांग्रेसी विधायकों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा को ठप कर दिया।
विधानसभा घेराव करने के दौरान घायल हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का मसला यूपी की विधानसभा में उठा। मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेसी विधायक घटना का विरोध करते हुए वेल तक जा पहुंचे।
इन विधायको के हाथ में तख्तियां थीं। इन तख्तियों में पुलिस की बर्बर कार्रवाई की निंदा की गई थी। इसके पहले जब सदन शुरू हुआ तो ये सभी विधायक अपना विरोध जताने के लिए हाथों में काली पट्टियां बांधकर यहां पहुंचे।
कार्यवाही शुरु होते ही इन विधायकों ने हंगामा करना शुरु कर दिया। हंगामे को बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष को कार्रवाई स्थगित करनी पड़ी।
मालूम हो कि सोमवार को पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई कांग्रेसी नेता घायल हो गए थे। कुछ घायल अभी भी अस्पताल में हैं। इन्हें गहरी चोटे आई हैं।