पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र की वादों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी ने तैयारी शुरू कर दी है। उसको लेकर नए सिरे से एक सप्ताह में पार्टी की वार्ड और विधानसभा वार चुनाव समितियों के गठन भी पूरा करेगी। इसी तरह 15 दिन में पोलिंग स्टेशन प्रभारी और बूथ लेवल एजेंट भी नियुक्त कर दिए जाएंगे। यह रणनीति रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी की चुनाव को लेकर हुई विशेष बैठक में बनी।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी और डा. शहजाद आलम ने बताया कि बैठक में कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष शिव पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश सिंह व लखनऊ के प्रभारी प्रदेश सचिव अतुल सिंह विशेष रूप से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में आराधना मिश्रा ने पार्टी के घोषणा पत्र का प्रचार प्रसार करते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच में जाने की अपील की है। कहा कि जनता को बताएं कि भाजपा की सरकार जन विरोधी है और ऐसे में देश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना बहुत जरूरी है। कार्यकर्ता और सभी पदाधिकारी रात दिन मेहनत करके लखनऊ में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को जिताने का काम करें। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव प्रदेश बृजेश सिंह, पूर्व मंत्री राज बहादुर, सरोज शुक्ला, मनोज तिवारी,रुद्र दमन सिंह बबलू आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे