लखनऊ गैंगरेप को लेकर प्रदेश की सपा सरकार को घेरने में जुटी कांग्रेस ने मुलायम सिंह पर ऐसा बयान दिया है जिसे सुनकर मुलायम बौखला जाएंगे।
जी हां, मोहनलालगंज में हुई गैंगरेप और हत्या की जघन्य वारदात पर प्रदर्शन करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रवक्ता शोभा ओझा ने कहा कि सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव तो गैर जिम्मेदार बयान देने के आदी हैं।
शोभा ने यह भी कहा कि वह आए दिन उल्टा-सीधा बयान देते हैं। वहीं उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराधों के लिए सपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि प्रदेश सरकार जब अपराधियों को संरक्षण देगी तो अपराध कैसे रुकेंगे?
मुलायम ने किया था बचाव
गौरतलब है कि जब सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से मोहनलालगंज में हुई गैंगरेप की वारदात पर सवाल किया गया तो उन्होंने बेतुका तर्क देते हुए कहा, ‘प्रदेश की आबादी बहुत ज्यादा है।
यहां 21 करोड़ की आबादी है। यदि देश भर में सबसे कम रेप कहीं होते हैं तो वह उत्तर प्रदेश है। राज्य में हर अपराध को रोका नहीं जा सकता।’
इस बयान से मुलायम सिंह विवादों में घिर गए हैं। कांग्रेसियों के पहले प्रदेश भाजपा नेताओं ने भी मुलायम की निंदा की थी।
शिवपाल ने तो बिल्कुल ही नकार दिया
जहां प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर मुलायम का तर्क था कि यूपी में ही अपराध सबसे कम हैं, वहीं उनके भाई और प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल ने तो खराब कानून-व्यवस्था की बात सिरे से खारिज कर दी।
उन्होंने कहा था कि अपराध खराब कानून-व्यवस्था के कारण नहीं बल्कि ज्यादा आबादी होने के कारण हो रहे हैं।
कुल मिलाकर प्रदेश सरकार रेप के मामलों पर संवेदनहीन ही नजर आ रही है।