कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि मोदी सरकार विकास का ‘बेटा मॉडल’ खड़ा कर रही है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी का टर्नओवर तीन साल में 16 हजार गुना बढ़ने पर उन्होंने केंद्र सरकार पर जमकर तीर चलाए। उन्होंने कहा-किसानों की आय दोगुनी करने का शोर मचा रही भाजपा सरकार वास्तव में अपने पदाधिकारियों की ही संपत्ति बढ़ाने में लगी हुई है।
कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज बब्बर ने कहा कि जय शाह की कंपनी टेंपल इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड को विदेशों से 51 करोड़ रुपये, अंबानी ग्रुप के ही एक मुख्य कर्ताधर्ता की कंपनी से 15.78 करोड़ रुपये का असुरक्षित कर्ज मिला।
यही नहीं जय शाह की ही दूसरी कंपनी कुसुम फाइनेंस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड को कालूपुर कोऑपरेटिव बैंक ने महज 6.20 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां गिरवी रखकर 25 करोड़ रुपये का लोन दे दिया। रतलाम में नेडा के तहत 2.1 मेगावाट का एनर्जी प्लांट लगाने के लिए 10.35 करोड़ रुपये का कर्ज मिला। कंपनी को बिना कोई सुरक्षा गारंटी के इतना लोन कैसे मिला। फिर तीन ही साल में कई हजार गुना मुनाफा कमाने वाली कंपनी को अचानक बंद क्यों करना पड़ा इसकी जांच होनी चाहिए।