जौनपुर निवासी जालसाज बाबा समद और उसके चेले आजमगढ़ निवासी मो. बिलाल ने बेरोजगारी से तंग युवकों को दुबई में नौकरी का झांसा देकर सात लाख रुपये ऐंठ लिए। रुपये गंवाने के बाद खुद को ठगा महसूस कर रहे युवकों ने गोसाईगंज थाने में समद व मो. बिलाल के खिलाफ जालसाजी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने बताया कि गोसाईंगंज निवासी रऊफ बेरोजगार है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे रऊफ को एक दिन बाबा समद मिला। उसने कहा कि दुबई जाओ, वहां काम मिलेगा और तकदीर बदल जाएगी। रऊफ तो झांसे में आया ही उसने रोजगार की तलाश में भटक रहे अपने छह रिश्तेदारों को भी बाबा से मिलवा दिया।
रऊफ का कहना है कि अक्सर लखनऊ आने वाले बाबा समद से उसने अपनी बेरोजगारी दूर कराने की बात कही थी। बाबा ने कहा कि उसका चेला मो. बिलाल कई लोगों को दुबई में अच्छी नौकरी दिला चुका है।