रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा विभाग के 12 राजकीय काॅलेजों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए 12.5 लाख रुपये की लागत से कक्षों का निर्माण कराया जाएगा।
कुल डेढ़ करोड़ की लागत की आधी धनराशि यानी 75 लाख रुपये बजट के रूप में प्राप्त हुए हैं। कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया पूरी करके जल्द ही नामित एजेंसी से काम शुरू करवाया जाएगा।
जिले में कुल 41 राजकीय काॅलेज हैं, जिनमें से 12 विद्यालयों में समग्र शिक्षा (माध्यमिक) योजना के तहत कंप्यूटर कक्ष बनेगा। इसमें शहर के राजकीय इंटर काॅलेज और राजकीय बालिका इंटर काॅलेज के साथ ही जीजीआईसी देवानंदपुर, हरियावां, गुरगुजपुर, खीरों, लालगंज, जीआईसी छतोह, टेरा बरौला, हलोर, अटौरा बुजुर्ग व जवाहर राजकीय इंटर काॅलेज सेमरी शामिल हैं। प्रत्येक कंप्यूटर कक्ष के लिए अभी 6.25 लाख रुपये मिले हैं। इस धनराशि का उपभोग होने के बाद बाकी का बजट मिलेगा।
माध्यमिक शिक्षा अभियान के अपर राज्य परियोजना निदेशक विष्णुकांत पांडेय का कहना है कि कंप्यूटर कक्षों के निर्माण कराने के लिए कार्यदायी संस्था के चयन की प्रक्रिया 31 मार्च तक पूरी करनी है। कंप्यूटर कक्ष बनने के बाद प्रयोगशाला के लिए जरूरी संसाधनों एवं उपकरणों की व्यवस्था होने की संभावना है, जिसके लिए अलग से बजट मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा अभियान के प्रभारी जिला समन्वयक रत्नेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था चयनित होने के बाद जल्द काम शुरू हो जाएगा।