लखनऊ। सभी रसोई गैस उपभोक्ता 15 अगस्त तक ई केवाईसी करवा लें। ऐसा न करने पर आपकी गैस आपूर्ति बाधित हो सकती है। इसके अलावा घरेलू दर के बजाय वाणिज्यिक दर पर गैस मिलेगी। घर बैठे मोबाइल पर या अपनी गैस एजेंसी पहुंचकर ई केवाईसी करवा सकते हैं।
ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जगदीश राज ने अपील की है कि अंतिम समय की असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ता जल्द अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करें या मोबाइल से ई केवाईसी करवा लें। घर बैठे ऐसे करें ई केवाईसी
सबसे पहले अपनी गैस कंपनी का मोबाइल एप डाउनलोड करें। इसके बाद गैस कनेक्शन में पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करें। इंडेन कंपनी के उपभोक्ता इंडियन ऑयल वन एप में ई केवाईसी अपडेट के विकल्प पर जाएं। इसके बाद कनेक्शन धारक को चेहरे की पहचान के लिए फेस रिकग्निशन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पहचान सत्यापित होने के बाद ई केवाईसी पूरी हो जाएगी और इसकी जानकारी उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से मिल जाएगी।