मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं के कार्य निर्धारित समय में पूरे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही न्यूनतम समर्थन मूल्य के मुताबिक तेजी से धान खरीदने, किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और खरीद की नियमित समीक्षा करने को कहा है। योगी बुधवार को उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के क्रियाकलापों की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी नियमित तौर पर परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करें। एक्सप्रेस-वे, हाई-वे और मेडिकल कॉलेज के निर्माण से जुड़ीं परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ने आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना से संबंधित कार्यवाही को तेजी से पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार के विशेष अवसर उपलब्ध कराने के लिए मिशन रोजगार की शुरुआत की है। बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री जय प्रताप सिंह, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एमएसएमई एवं सूचना नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना संजय प्रसाद व सचिव आलोक कुमार मौजूद रहे।