प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के आरोपों को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर के खिलाफ परिवाद दर्ज किया गया है। एसीजेएम सुदेश कुमार ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 23 दिसंबर की तारीख तय की है।
परिवादी संदीप शर्मा की ओर से वकील पूरन किशोर सक्सेना ने कोर्ट में परिवाद दायर करके बताया कि समाचार माध्यमों से 8 दिसंबर को पता चला कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि मुझको लगता है कि यह बहुत नीच किस्म का आदमी है। इसमें कोई सभ्यता नहीं है और ऐसे मौके पर इस किस्म की गंदी राजनीति करने की क्या आवश्यकता है।
परिवाद में कहा गया कि प्रधानमंत्री का पद गरिमापूर्ण व राष्ट्र की प्रतिष्ठा से जुड़ा होता है तथा उसकी छवि पूरे विश्व पटल पर उभरती है। प्रधानमंत्री संपूर्ण विश्व में राष्ट्र का प्रतिनिधि होता है। अय्यर ने अपने वक्तव्य से देश ही नहीं, विदेशों में भी प्रधानमंत्री की छवि गिराने का प्रयास किया। इससे करोड़ों भारतीयों की भावनाएं आहत हुई हैं।