लखनऊ। बीकेटी स्थित रामसागर मिश्रा अस्पताल में एनएचएम के जरिये नियुक्त डॉक्टर पर निजी अस्पताल खोलकर सरकारी दवा मरीजों को चढ़ाने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं मरीजों को शिफ्ट कराने का आरोप है। सीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष आलोक वर्मा ने सीएमओ को पत्र भेजकर शिकायत की है कि बीकेटी के राम सागर मिश्र अस्पताल में एनएचएम से संविदा पर एक डॉक्टर तैनात हैं। इन्होंने इटौंजा में निजी अस्पताल खोला है। अस्पताल का पंजीकरण तक नहीं है। डॉक्टर यहां मरीजों का इलाज करते हैं। वह राम सागर मिश्र अस्पताल से सरकारी दवा लाकर मरीजों को चढ़ाते और बेचते हैं। आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को भी निशुल्क इलाज कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाकर शोषण करते हैं। वहीं, सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि जांच में लगे आरोप सही मिले तो संबंधित डॉक्टर की संविदा समाप्त करने की संस्तुति होगी।