रायबरेली। कानपुर से यश भारती निधि लिमिटेड और यश भारती ग्रामीण एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी संचालित कर जिले के लोगों से तीन करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले महाप्रबंधक को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पिछले साल अक्तूबर माह में रुपये एकत्र करने के बाद आरोपी फर्म का आफिस बंद कर भाग गया था। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही थी।
शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती 16 अक्टूबर शहर के साकेत नगर निवासी हरीश तिवारी पुत्र पवन कुमार ने इस मामले में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया गया कि यश भारती ग्रामीण एग्रो प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का संचालक व प्रबंधक दुष्यंत शुक्ला बीती 11 अक्तूबर साकेत नगर स्थित कार्यालय को बंद करके भाग गया था। इसके आधार पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में गिरफ्तार किए गए कंपनी के महाप्रबंधक दुष्यंत शुक्ला ने स्वीकार किया कि कानपुर में उसने कंपनी रजिस्टर्ड कराई थी। वह लोगों से डेली डिपोजिट, आरडी व एफडीआर में रुपये जमा करवाता था। काफी पैसा एकत्र होने के बाद साकेत नगर के कार्यालय को बंद करके फरार हो गया।
आरोपी ने स्वीकारा कि यश भारती दुग्ध उत्पादन डेरी के नाम से एक अन्य कंपनी खीरों क्षेत्र के बकुनिहां में खोली थी। इसके बाद दो बीघा जमीन एआरटीओ कार्यालय के पास खरीदी थी। कोरोना काल में लॉकडाउन लगने के कारण दुग्ध डेरी में घाटा हो जाने के बाद वह सभी कार्य ऑनलाइन करता था। कोतवाल ने बताया कि आरोपी महाप्रबंधक को गिरफ्तार करने के बाद सक्षम न्यायालय में पेश किया गया है।