लखनऊ। इंदिरानगर में सोमवार रात एक सूचना आयुक्त के गनर की पिस्टल से अर्दली ने शराब के नशे में हवाई फायरिंग कर दी। इसके बाद आइसक्रीम दुकानदार पर पिस्टल तान दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
एक सूचना आयुक्त के गनर एएसआई राजीव विश्वकर्मा व अर्दली आदित्य ने सोमवार रात शराब पी थी। राजीव के नशे में होने पर आदित्य ने उनकी पिस्टल ले ली। दोनों रात साढ़े नौ बजे इंजीनियरिंग कॉलेज के पास ई रिक्शा से तकरोही जा रहे थे। टेढ़ी पुलिया के पास राजीव उतर गया, जबकि आदित्य ने तकरोही जाने की बात कही। खुर्रमनगर चौराहे के पास उसने पिस्टल से हवाई फायरिंग कर दी। ई रिक्शा चालक ने विरोध जताया तो वह गाली-गलौज करने लगा।
तकरोही पहुंचने पर आदित्य ई रिक्शा से उतरकर आइसक्रीम की दुकान पर पहुंचा। आइसक्रीम खाई और बिना पैसे दिए चलने लगा। विरोध पर दुकानदार पर पिस्टल तान दी। यही नहीं, किराया मांगने पर ई रिक्शा चालक पर पिस्टल की बट से हमला कर दिया और भागने लगा। राहगीरों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी के मुताबिक अर्दली आदित्य को हिरासत में लिया गया है, जबकि राजीव को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। फायरिंग की बात सामने नहीं आई है।