फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: चिकित्सक को दिखाने के लिए चार घंटे इंतजार, जांच रिपोर्ट अगले दिन

Tue, 01 Oct 2024 05:06 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
विज्ञापन
 जिला अस्पताल स्थित ओपीडी कक्ष में मरीज का इलाज करते डॉक्टर।
विज्ञापन
अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों व तीमारदारों की भारी भीड़ रही। चिकित्सकों को दिखाने के लिए मरीजों को चार-चार घंटे तक कतार में लगना पड़ा। जो मरीज चिकित्सक को दिखा पाए उनकी जांच रिपोर्ट वेटिंग में लग गई। जांच रिपोर्ट के लिए उन्हें अगले दिन बुलाया गया। पंजीकरण काउंटर, ओपीडी, पैथालॉजी, एक्सरे व सिटी स्कैन समेत तकरीबन सभी जगहों मरीजों की लंबी कतार देखी गई।
विज्ञापन

अमेठी के रायपुर फुलवारी निवासी कृष्णा देवी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। वह हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. हनुमान प्रसाद को दिखाने आई थीं। बताया कि सुबह 10 बजे ओपीडी में पर्चा जमा किया था। दो घंटे बाद चिकित्सक ने एक्सरे के लिए लिखा। उसके करीब एक घंटे बाद एक्सरे हुआ। अभी फिर चिकित्सक के यहां नंबर लगा है, कब आएगा ये पता नहीं है। वहीं, प्रतापगढ़ के दौलतपुर निवासी राबिया बुखार व खांसी से पीड़ित हैं। जिला अस्पताल में डॉ. शुभम पांडेय के यहां पर्चा जमा किया है। बोलीं, एक बजे हैं पर नंबर अब तक नहीं आया। जांच कराकर ही दवा लूंगी।
कुछ ऐसे ही हालात से तारापुर निवासी तयब्बुन निशा और सुमेरपुर धरईमाफी निवासी शेषमती को भी गुजरना पड़ा। चटका जेठौना से आईं सुधा ने बताया कि कई दिनों से बुखार आ रहा है। चिकित्सक को दिखाया है तो उन्होंने जांच लिखी है। जांच के लिए सैंपल दे दिया है, कल जांच रिपोर्ट मिलेगी। इसी गांव की बबिता तिवारी भी सुबह अस्पताल पहुंची थीं, करीब 12:30 बजे नंबर आया तो चिकित्सक को दिखाकर दवा ली है।
विज्ञापन


1,457 मरीज पहुंचे
जिला अस्पताल में सोमवार को ओपीडी में 1,457 मरीज पहुंचे। जिसमें बुखार के 392, खांसी के 97, जुकाम के 102, जुकाम-बुखार के 104, पेट दर्द के 84, दस्त के 91, उल्टी-दस्त के चार व शेष अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीज रहे। 135 लोगों का एक्सरे हुआ।

पार्किंग की व्यवस्था न होने से समस्या
जिला अस्पताल के अंदर सड़क किनारे दिन में ठेले-खोमचे लग जाते हैं। पार्किंग का कोई इंतजाम नहीं है। ओपीडी के समय मरीजों की भीड़ रहती है। ऐसे में अस्पताल में आने वाले मरीज व तीमारदार अपने वाहनों को किनारे व सड़क पर ही खड़ा कर देते हैं। जिससे में एंबुलेंस समेत अन्य लोगों को समस्या होती है। सुरक्षा में लगे कर्मियों के मना करने पर भी हालात नहीं सुधरते।

सड़क पर भरा पानी, आवागमन में समस्या
जिला अस्पताल को जाने वाले मार्ग पर पानी भरा हुआ है। वहीं, अंदर इमरजेंसी को जाने वाले मार्ग पर भी पानी जमा है। ऐसे में मरीजों, तीमारदारों व स्वास्थ्यकर्मियों को दूषित पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। सोमवार को मरीज व तीमारदार दूषित जमा पानी के बीच निकलते दिखाई पड़े।

ईओ को दी गई है सूचना
सीएमएस डॉ. बद्री प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि जलनिकासी का उचित प्रबंध न होने जलभराव हो जाता है। जितना संभव हो पाता है, पंपसेट लगवा कर पानी निकलवा दिया जाता है। नगर पालिका ईओ को जल निकासी व्यवस्था दुरूस्त कराने के संबंध में कहा गया है। फिलहाल जिला अस्पताल में पार्किंग का कोई नियम नहीं है। अगर पर्याप्त गार्ड की व्यवस्था हो तो सुव्यवस्थित तरीके से पार्किंग कराई जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें