चिनहट। बीबीडी क्षेत्र में किसान पथ पर शनिवार सुबह ट्रक और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक के क्लीनर खुर्शीद अहमद (26) की मौत हो गई, जबकि चालक जमालुद्दीन (48) गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर राममूरत के मुताबिक, हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व क्लीनर केबिन में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों को बाहर निकलवाकर डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बस्ती जिले के वाल्टरगंज क्षेत्र स्थित मझउआ गांव निवासी खुर्शीद को मृत घोषित कर दिया। जमालुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतक और घायल के परिजनों को सूचना दे दी गई है।