लखनऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने होली और रमजान को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। इसके तहत शुक्रवार को विभाग ने 1,320 किलोग्राम (लगभग 13 क्विंटल) मिलावटी खजूर मौके पर नष्ट कराया। करीब 41 लाख रुपये मूल्य की 23,893 किलोग्राम खाद्य सामग्री सीज भी की गई।
यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) और जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर की गई। अभियान में विशेषकर खोवा, पनीर, दुग्ध उत्पाद, खाद्य तेल, घी और वनस्पति जैसे पदार्थों की जांच हुई। रंगीन कचरी, पापड़, चिप्स, नमकीन, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों, बेसन और मैदा की बिक्री पर रोकथाम के लिए भी विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल छह नमूने लिए गए। इन नमूनों को विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
अभियान के तहत ऐशबाग के स्वरुप कोल्ड स्टोरेज में कारोबारी प्रेम हरवानी की ओर से रखे गए 1,418 किलोग्राम रंगीन कचरी (अनुमानित मूल्य 56,720 रुपये) को सीज किया गया। अयोध्या मार्ग स्थित हिमालयन कोल्ड स्टोरेज से 1,320 किलोग्राम खजूर (अनुमानित मूल्य 2,64,000 रुपये) मौके पर नष्ट कराया गया। यह खजूर सड़ा-गला और मानव उपभोग के लिए असुरक्षित था। इसके अतिरिक्त 2,000 किलोग्राम हल्दी (अनुमानित मूल्य 3,60,000 रुपये), 20,475 किलोग्राम सुपारी (अनुमानित मूल्य 36,85,500 रुपये) सीज की गई।
जारी रहेगा अभियान
सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड टू विजय प्रताप सिंह ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसका उद्देश्य बाजार में मिलावटी उत्पादों की बिक्री पर प्रभावी ढंग से रोक लगाना है। जो भी मिलावटी या हानिकारक खाद्य सामग्री बेचेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सामग्री की जांच करते एफएसडीए टीम के अधिकारी।
खाद्य सामग्री की जांच करते एफएसडीए टीम के अधिकारी।