लखनऊ। ठंड के साथ उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) का खतरा बढ़ गया है। यह गर्भवती महिलाओं के लिए ज्यादा परेशानी बढ़ाने वाला है। जरा सी लापरवाही मां और गर्भस्थ शिशु को कई बीमारियों की चपेट में ला सकती है।
वीरांगना अवंती बाई अस्पताल (डफरिन) की प्रमुख चिकित्सा अधिकारी ज्योति मेहरोत्रा के मुताबिक पारा गिरने के साथ गर्भवतियों में उच्च रक्तचाप के मामले पांच प्रतिशत बढ़ गए हैं। इस कारण जच्चा-बच्चा दोनों को सतर्क रहने की जरूरत है।
डॉ. ज्योति मेहरोत्रा और सीएचसी सिल्वर जुबिली की प्रभारी व स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका यादव ने बताया कि ठंड से रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं। इससे खून के प्रवाह का प्रतिरोध बढ़ जाता है, जिससे रक्तचाप बढ़ जाता है। गर्भवती महिलाओं के लिए यह स्थिति ज्यादा चिंताजनक हो सकती है।
गर्भावस्था में बढ़ा हुआ बीपी या पहले से मौजूद क्रॉनिक हाइपरटेंशन ठंड में अक्सर नियंत्रण से बाहर हो जाता है। गंभीरता से न लें तो यह प्रीएक्लेम्पसिया जैसी गंभीर स्थिति में बदल सकता है, जो मां के अंगों और बच्चे के विकास को प्रभावित करता है।
मां और शिशु के लिए खतरा
प्रीएक्लेम्पसिया हाई बीपी का गंभीर रूप है। इससे गुर्दे और यकृत को नुकसान हो सकता है। उच्च रक्तचाप के कारण समय से पहले डिलीवरी का खतरा बढ़ जाता है। हाई बीपी से प्लेसेंटा गर्भाशय की दीवार से अलग हो सकती है, जो जानलेवा स्थिति है। प्लेसेंटा में रक्त का प्रवाह कम होने से बच्चे का विकास प्रभावित होता है।
लक्षणों पर दें ध्यान
सिरदर्द होना, धुंधला दिखाई देना, हाथों और चेहरे पर अचानक सूजन या पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द होना।
ऐसे करें बचाव
रक्तचाप की नियमित रूप से निगरानी करें समय-सयम पर जांच कराएं।
गुनगुना पानी, सूप और ताजे फलों का जूस पर्याप्त मात्रा में लें।
कम नमक व तेल वाला पौष्टिक आहार लें। हरी पत्तेदार सब्जियां, फल और साबुत अनाज शामिल करें।
शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखने के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनें।
डॉक्टर की सलाह पर घर के अंदर हल्की वॉक या योग करें, ताकि रक्त संचार बेहतर बना रहे।