शहर के स्टेशन रोड पर सब्जी मंडी में अलाव तापते लोग। -संवाद
बाराबंकी। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और तेज पछुआ हवा से सोमवार को लोग ठिठुर उठे। तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। ठंड से बचने के लिए लोग दिनभर अलाव व अंगीठी के सहारे रहे।
रविवार को शुरू हुआ पछुआ हवा का प्रकोप सोमवार को भी जारी रहा। धूप न निकलने से लोग खासा परेशान रहे। स्टेशन रोड पर सब्जी विक्रेता ठंड से बचने के लिए झुंड बनाकर अलाव तापते रहे। दफ्तरों से लेकर दुकानों पर हीटर का सहारा लिया गया। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
धनोखर स्थित मुख्य बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। सिरौलीगौसपुर, रामनगर, फतेहपुर तहसील क्षेत्रों में सोमवती अमावस्या पर पहुंचे श्रद्धालु भी ठंड से परेशान रहे। लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे के होटल, ढाबों और दुकानों के आगे भी लोग अलाव तापते दिखे।
शाम होते ही सड़कों से लेकर बाजार तक सन्नाटा पसर गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो रविवार की तुलना में चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री कम होकर नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
जलवाए जा रहे हैं अलाव
पछुआ हवा के चलते बढ़ी ठंड को देखते हुए सभी चिह्नित स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। रैन बसेरों में आश्रितों के रुकने की व्यवस्था करा दी गई है। सभी एसडीएम व ईओ को आवश्यकता वाले स्थानों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
- सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी
-फोटो 51 : अलाव सेंककर सर्दी दूर भगाने का प्रयास करते लोग। संवाद