मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों के बीच लगभग आधे घंटे तक बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री शनिवार शाम को लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुए। रात में उन्होंने प्रधानमंत्री से भेंट की।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ सरकार के कामकाज के अलावा अगले महीने होने वाली इन्वेस्टर्स समिट और पार्टी के संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
आपको बता दें कि 22 से 24 फरवरी के बीच लखनऊ में इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसमें करीब दो दर्जन सत्र होंगे। हर सत्र में संबंधित विषय से जुड़े एक केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी रहेगी। वित्त मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, वस्त्र एवं सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी आदि विभिन्न सत्रों में शिरकत करेंगे।
उद्घाटन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और समापन सत्र में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की उपस्थिति तो चार चांद लगाएगी ही, सरकार ने हर सत्र को खास बनाने की योजना बनाई है। समिट में भाग लेने वाले पार्टनर कंट्री के लिए अलग-अलग सत्र होंगे। अब तक चार देशों जापान, नीदरलैंड, स्लोवाकिया और फिनलैंड ने पार्टनर कंट्री के तौर पर शामिल होने की सहमति दी है। सभी के लिए एक-एक सत्र प्रस्तावित किए गए हैं।
इनके अलावा कई देशों के राजदूत व कारोबारी प्रतिनिधि भी आएंगे। बड़ी संख्या में देश के उद्योगपति, निवेशक व कारोबारी शामिल होंगे।