फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंगाल में बोले सीएम योगी: यहां की जनता उर्दू नहीं, बांग्ला बोलेगी; नहीं चलने दी जाएगी कठमुल्लापन की संस्कृति

Sun, 12 Apr 2026 06:12 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

West Bengal elections: पश्चिम बंगाल की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद यहां की संस्कृति में बदलाव होगा। 
 
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पश्चिम बंगाल की चुनावी जनसभाओं में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर जमकर प्रहार किया। कांथी दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में अपनी तीसरी जनसभा में उन्होंने कहा कि कोलकाता का मेयर कहता है कि यहां की आधी आबादी से उर्दू बुलवाएंगे, मैं उससे बोल रहा हूं कि यहां की जनता उर्दू नहीं, बांग्ला बोलेगी। यहां कठमुल्लापन की संस्कृति नहीं चलने दी जाएगी। कोई भी माई का लाल बंगाल की संस्कृति, आन-बान-शान से खिलवाड़ नहीं कर सकता। मोदी जी के नेतृत्व में पूरा देश बंगाल वासियों के साथ खड़ा है। हम टीएमसी के देशद्रोही मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे। जिस तरह भाजपा की डबल इंजन सरकार ने यूपी को अराजकता, दंगा व कर्फ्यू मुक्त बनाया है, सरकार बनने पर वैसे ही बंगाल को भी बनाएंगे।

विज्ञापन


तूफानों से टकराकर भी हार नहीं मानती बंगाल की धरती
सीएम योगी ने कहा कि बंगाल वंदे मातरम की धरती है। यह धरती तूफानों से टकराकर भी हार नहीं मानती। सीएम ने गुरुदेव रविंद्र नाथ ठाकुर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय, जगदीश चंद्र बसु, स्वामी प्रणवानंद, स्वामी विवेकानंद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्रनायकों को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने एक देश-एक संविधान का जो सपना देखा था, उसे पीएम मोदी ने साकार किया। अब बंगाल का नौजवान भी कश्मीर में संपत्ति खरीद सकता है। 

कांग्रेस, वामपंथियों और टीएमसी ने बंगाल को कंगाल बना दिया
सीएम ने कहा कि कभी भारत की अर्थव्यवस्था के ग्रोथ इंजन रहे बंगाल को पहले कांग्रेस, फिर वामपंथियों और 15 वर्ष से तृममूल कांग्रेस ने कंगाल बनाकर रख दिया है। यहां चक्रवात में मिली सहायता और गरीबों के हक का पैसा भी टीएमसी के गुंडे खा जाते हैं। मछुआरों व किसानों से झूठे वादे किए जाते हैं। यहां विकास नहीं, सिर्फ वसूली तंत्र हावी है। कभी शिक्षा, संस्कृति, कला व उद्यम की भूमि बंगाल अब बदहाल है, कंगाल है। टीएमसी मां-माटी-मानुष का नारा देती है, लेकिन उसका आचरण इससे उलट है। बंगाल में मां रो रही है, माटी घुसपैठियों के कब्जे में जा रही है, मानुष भयभीत है। बंगाल में राजनीतिक हत्याएं, हत्या के प्रयास और बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ हो रहा है।
विज्ञापन


माफिया व गुंडों की पसली तोड़ता है बुलडोजर
सीएम ने टीएमसी मतलब तुष्टिकरण, माफियाराज व कट-मनी/करप्शन बताया। उन्होंने कहा कि टेरर व तुष्टिकरण, माफियाराज व कटमनी का जवाब केवल डबल इंजन की भाजपा सरकार दे सकती है। 2017 के पहले यूपी में इससे भी खराब सरकार थी। हर दूसरे दिन दंगा होता था। चारों ओर अराजकता, अव्यवस्था व दंगे होते थे। सत्ता के समानांतर माफिया की सरकार चलती थी। 2017 में यूपी में भाजपा सरकार बनने के बाद से न कर्फ्यू है, न दंगा है, अब सब चंगा है। माफिया व टेरर पर यूपी का बुलडोजर धड़धड़ाकर चलता है। बुलडोजर न केवल सड़क बनाता है, बल्कि माफियाओं और बेटी-बहन की इज्जत पर हाथ डालने वाले गुंडे की पसली भी तोड़ता है। बुलडोजर माफिया की संपत्ति को कब्जे में लेकर गरीबों के लिए मल्टीस्टोरी आवासीय सुविधा देने का काम भी करता है।

हर घर पर भगवा लहराता दिखाई देगा
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में अब सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाती। मस्जिदों से शोरगुल नहीं होता। गोहत्या पर प्रतिबंध है। यूपी में अब लव जेहाद-लैंड जेहाद नहीं है। वह रामराज्य की स्थापना भूमि है। कांग्रेस, टीएमसी, सपा व राजद ने राम मंदिर का विरोध किया, लेकिन रामभक्तों के कारण अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बन गया। जिस दिन 145 करोड़ का भारत मोदी जी की आवाज में आवाज मिलाकर चलेगा, भारत विरोधी ताकतों के हौसले पस्त हो जाएंगे और हर घर पर भगवा लहराता दिखाई देगा। 
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें