सीएम ने कहा कि लखनऊ स्थित एचसीएल टेक में वर्ष 2017 में करीब 100 लोग कार्यरत थे, अब करीब 18 हजार हैं। महिलाएं रात की शिफ्ट के बाद दो बजे भी बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ स्थित अपने घरों तक बेखौफ पहुंचती हैं। पहले निवेशक प्रदेश आने से हिचकते थे, लेकिन अब उद्योगों का विस्तार हो रहा है। सरकार ने दंगाइयों को संरक्षण देने के बजाय कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। अब दंगाइयों को सम्मानित नहीं किया जाता, बल्कि उनके दंगापन का उपचार करते हुए उन्हें दाग दिया जाता है। अब राज्य में किसी भी उपद्रवी को सड़क पर व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या किसी बेटी की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की कोई छूट नहीं है।
पहले बनते थे कट्टा, बम
सीएम ने कहा कि डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर से प्रदेश रक्षा उत्पादन का केंद्र बन रहा है। जिस प्रदेश की पहचान कभी कट्टा और बम बनाने के रूप में होती थी, वहां आज ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। इसकी आपूर्ति भारतीय सेना को की जा रही है। काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, विंध्यवासिनी धाम, प्रयागराज, नैमिषारण्य, शुकतीर्थ और चित्रकूट जैसे स्थल भारत की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के केंद्र हैं। सरकार ने 4,500 से अधिक पौराणिक मंदिरों और आध्यात्मिक स्थलों के पुनरुद्धार, सुंदरीकरण और विकास का काम किया है।
नाकामी का ठीकरा ईवीएम पर
एसआईआर पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस प्रक्रिया में सहयोग करेंगे, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता का दोष कभी ईवीएम, कभी वोट चोरी और कभी निर्वाचन आयोग पर डालती है। निर्वाचन आयोग और न्यायपालिका संवैधानिक संस्थाएं हैं। बिना तथ्य और प्रमाण के इन पर सवाल उठाना गलत है।