मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली प्रदेश कैबिनेट ने मंगलवार की शाम वित्त वर्ष 2018-19 के दूसरे अनुपूरक बजट मसौदे सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। अनुपूरक बजट का आकार करीब 11 हजार करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। इसमें सड़क, बिजली और एअरपोर्ट निर्माण जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर खास फोकस होगा। वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल बुधवार को विधानसभा में 12.20 बजे अनुपूरक बजट पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री ने दीपावली पर्व के मौके पर आयोजित दीपोत्सव में अयोध्या में भगवान श्रीराम के नाम पर एअरपोर्ट की स्थापना का एलान किया था। अभी वहां एअर स्ट्रिप है। सूत्रों ने बताया कि अपने धार्मिक व सांस्कृतिक एजेंडे को डवलपमेंट प्रोजेक्ट के जरिए आगे बढ़ाने की कड़ी में सरकार अयोध्या श्रीराम एअरपोर्ट के शुरुआती कार्यों के लिए अनुपूरक बजट से 200 करोड़ रुपये दे सकती है।
इसके अलावा जेवर अंतर्राष्ट्रीय एअरपोर्ट के निर्माण के लिए विकासकर्ता चयन की कार्यवाही चल रही है। इस एअरपोर्ट के काम को रफ्तार देने के लिए 300 करोड़ रुपये दिए जा सकते हैं। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन पर नए चिकित्सा विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रस्तावित है।
इस विश्वविद्यालय के नियंत्रण में सभी सरकारी और निजी मेडिकल व डेंटल कालेज आएंगे। इस विश्वविद्यालय के लिए भी अनुपूरक में बजट की व्यवस्था हो सकती है। सोसाइटी की व्यवस्था से संचालन के लिए प्रस्तावित पांच नए मेडिकल कालेजों की स्थापना के लिए प्रतीक प्रावधान की संभावना है।
अनुपूरक में प्रस्तावित सड़कों व पुलों के अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग और स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालयों के निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पंचायतीराज विभाग को भी अनुपूरक से पैसा मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी ने स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त, 2019 को प्रदेश की आबादी के बराबर पौधरोपण का लक्ष्य दिया है। इससे जुड़ी तैयारी के लिए वन विभाग को पौधशाला प्रबंधन के तहत राज्य आकस्मिकता निधि से पूर्व में रकम उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस रकम की प्रतिपूर्ति भी की जाएगी।