प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून को दोपहर बाद दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंच रहे हैं। वे 15 घंटे से ज्यादा वक्त लखनऊ में बिताएंगे। आज रात आठ बजे वह सीएम योगी के साथ डिनर करेंगे। इस डिनर में सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों और 58 गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है।
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने योगी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उन्होंने एक चैनल को बताया कि वह इस भोज में शामिल होंगे। वहीं राष्ट्रपति पद के लिए रामनाथ कोविंद के नाम पर मुलायम सिंह ने कहा, भाजपा ने अच्छा कैंडिडेट दिया है। मेरे उनसे बहुत पुराने संबंध हैं। भाजपा के पास बहुमत है अगर 1 फीसदी या 5 फीसदी की भी जरूरत पड़ी तो भाजपा मैनेज कर लेगी। पता नहीं विपक्ष का क्या मत है।
मंगलवार को प्रधानमंत्री केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई) व डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के नए भवन का लोकार्पण करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर बुधवार सुबह पीएम रमाबाई अंबेडकर मैदान में योग कार्यक्रम में शामिल होंगे और इसके बाद वापस दिल्ली लौट जाएंगे। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
सीडीआरआई व एकेटीयू के कार्यक्रम के बाद पीएम रात आठ बजे मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर सीएम योगी आदित्यनाथ की ओर से आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। बुधवार सुबह 6.30 बजे प्रधानमंत्री रमाबाई अंबेडकर मैदान पहुंचेंगे। वहां वे योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। 7.50 बजे तक वे योग कार्यक्रम में रहेंगे और इसके बाद अमौसी एयरपोर्ट रवाना हो जाएंगे।