मुख्यमंत्री ने कहा, सरकार बेसिक शिक्षा के 1.70 करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, स्वेटर और जूते मोजे दे रही है। यह कार्य इससे जुड़े कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों से कराया जाए तो स्वरोजगार बढ़ेगा और कारीगरों की आय बढ़ेगी। खादी महोत्सव प्रदेश में खादी एवं ग्रामोद्योग की दिशा बदलने में मील का पत्थर साबित होगा।
गोबर और गौ मूत्र को बनाएंगे उद्योग का जरिया
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग राज्य मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गाय के दूध की जगह गोबर और गो मूत्र को उद्योग का आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोबर से कागज और पेंट बनाने का प्रयोग सफल हुआ है, सरकार जल्द पेंट उद्योग से जुड़ी कंपनियों से बात कर इसे प्रोत्साहित करेगी। यूपी सरकार प्रयास करे तो गोबर, गोमूत्र के इस्तेमाल को उद्योगों से जोड़ने में यूपी देश में मॉडल बन सकता है। उन्होंने कहा कि गाय और माई (महिला) को सशक्त बनाने से ही आर्थिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। गाय बचने से किसान बचेगा, किसान के बचने से खेत बचेगा और खेत बचेगा तो सब कुछ बचा रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सोलर चरखे से महिलाओं की आय में चमत्कारी परिवर्तन आया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि गांधी परिवार ने महात्मा गांधी के चरखे का केवल राजनीतिक उपयोग किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने महात्मा गांधी के सिद्धांत को जमीन पर उतारा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग गरीबी देखने रात के अंधेरे में मीडिया को लेकर कलावती के घर जाते हैं। ऐसे लोगों को गरीबी का क्या पता चलेगी?
43 एकड़ में स्थापित होगा खादी मेगा पार्क
खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कहा कि कानपुर के बिल्हौर में 43 एकड़ जमीन पर खादी मेगा पार्क बनाया जाएगा। लखनऊ सहित अन्य जिलों में खादी प्लाजा बनाए जाएंगे। खादी एवं ग्रामोद्योग नीति के बाद खादी को समितियों के चंगुल से बाहर निकालने में कामयाबी मिली है। पचौरी ने कहा कि यूपी की खादी को सर्वसुलभ और सस्ती बनाएंगे। विभाग ने खादी उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री भी शुरू की है। प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन और खादी फॉर रिवोल्यूशन बनाएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय खादी आयोग के अध्यक्ष विनय सक्सेना और बिहार खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ समेत अन्य लोग मौजूद थे। प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।