मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में गुरुवार सुबह फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की। करीब 10 बजे सीएम ने आदि शक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल में फिट इंडिया मूवमेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सीएम के सामने ताइक्वांडो कौशल का प्रदर्शन किया।
इसके बाद लखनऊ प्रस्थान करते समय अचानक पता चला कि उनका हेलीकॉप्टर खराब है। अधिकारियों ने तत्काल रेलवे स्टेशन मालगोदाम प्लेटफार्म पर अस्थाई हेलीपैड बनवाया और लखनऊ से दूसरा हेलीकॉप्टर वहां पर लैंड हुआ। उसी से मुख्यमंत्री लखनऊ के लिए रवाना हुए।
इससे पहले सीएम योगी ने फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत करते हुए प्रोजेक्टर से दिखाए जा रहे पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण को ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिकों के भरोसे ही किसी भी देश का विकास संभव है।
भारत में सदियों से स्वस्थ रहने की परंपरा रही है।हमें जीवन में स्वस्थ रहने के लिए योग व ध्यान का पालन करना चाहिए। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। जिस देश की आबादी स्वस्थ रहती है उसकी आर्थिक और सामाजिक उन्नति भी बेजोड़ होती है। कार्यक्रम में आए बच्चों को शारीरिक, मानसिक व आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहने की शपथ दिलाई गई। मुख्यमंत्री ने ताइक्वांडो में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया।
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश को मिले सात नए मेडिकल कॉलेज, सीएम योगी ने वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए किया उद्घाटन
बुधवार रात सीएम बलरामपुर के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर पहुंचे थे। जहां उन्होंने रात में आराम किया। गुरुवार सुबह सीएम योगी आदिशक्ति मां पाटेश्वरी देवी की पूजा-अर्चना की। इसके बाद मंदिर स्थित गौशाला में महंत मिथलेश नाथ ने योगी के साथ गायों का हालचाल लिया। दोनों ने इस दौरान गायों को हरा चारा भी खिलाया।