आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला वेट लिफ्टर पूनम यादव को राज्य सरकार की ओर से 50 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही उन्हें राजपत्रित अधिकारी की नौकरी भी मिलेगी।
यह घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है। वाराणसी की पूनम ने भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 69 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक दिलाकर देश का नाम रोशन किया है।
शहीद मंगल पांडेय की शहादत दिवस पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम में पूनम को पुरस्कार सम्मान राशि और नौकरी देने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री इस उपलब्धि के उन्हें बधाई दी।
उन्होंने कहा कि पूनम यादव ने अपनी प्रतिभा लगन और परिश्रम के बल पर बेहतरीन प्रदर्शन करके देश और प्रदेश का का मान बढ़ाया है। उनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि से पूरा राज्य गौरवान्वित है। इस उपलब्धि से युवा पीढ़ी को निश्चित तौर पर प्रेरणा मिलेगी।