नियुक्ति पत्र सौंपते सीएम योगी।
- फोटो : UP Gov YT Channel
64 हजार हेक्टेयर लैंड को माफिया के कब्जे से खाली कराई
सीएम ने आगे कहा कि यूपी के अंदर एक समय था जब सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक ही जिंदगी होती थी। इससे पहले और बाद में घर से नहीं निकल सकते थे। 64 हजार हेक्टेयर लैंड को हम लोगों ने माफिया के कब्जे से खाली कराई। हम खेल ग्राउंड, मिनी स्टेडियम और हर मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज देने जा रहे हैं। आज यूपी में अपनी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी होने जा रही है। हम प्रधानमंत्री की उस बात से सहमत हैं। जिसमें उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ हमारा कोई ब्रांड एंबेसडर बन सकता है तो खिलाड़ी बन सकता है। जो खेलेगा वो खिलेगा।
सीएम ने डीजीपी से कहा कि इन सब खिलाड़ियों को एक-एक गांव गोद दे दीजिए। वहां पर ये लोग खेलकूद के कार्यक्रम कराएं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप लोग अपनी प्रैक्टिस को कभी छोड़ना मत। आपकी असली प्रतिभा पसीने में है। यह अभी शुरुआत है। आगे प्रमोशन के बहुत विकल्प हैं। उन्होंने युवाओं को नसीहत दी कि ज्यादातर युवा रील में व्यस्त हैं। रील में लाइक मिलते हैं, लेकिन खेल में लाइफ मिलती है। चुनना आपको है।
योगी ने बताया पीडीए और एनडीए का अर्थ
उन्होंने पीडीए को निशाने पर लिया। कहा कि पहले प्रदेश डुबाओ अलायंस था। वही लोग नौकरियों में डाका डालते थे। उनके राज में सैफई और सिफारिश था। आज एनडीए की सरकार है, यानी नौकरी देंगे अलायंस की सरकार है। अब हमने ऐसी व्यवस्था बना दी है, कि कोई आपकी नौकरी, आपके प्रमोशन को टाल नहीं सकता। यदि किसी ने कोशिश भी की तो फिर हम उसे टाल देंगे।
सीएम ने कहा कि पहले की सरकार ने 10 लाख गुंडे खड़े किए थे। हमने 10 लाख युवाओं को नौकरी दी है। पहले हर दिन हत्या जैसी खबरें आती थीं। रिवर फ्रंट घोटाले की खबर आती थी। लेकिन, आज खबर आती है कि मेरठ में खुलेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी। जब सपा युवाओं की नियुक्तियों की बात करती है तो लगता है पानी में तैरने वाला मगरमच्छ शांति का संदेश दे रहा हो। ऐसे शांति का संदेश देने वाले मगरमच्छों से सावधान रहिए।
‘नई खेल संस्कृति’ को बताया बदलाव की तस्वीर
इससे पहले सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट करके कहा कि मैदान में मेधा, उपलब्धि पर सम्मान और प्रतिभा को राष्ट्र सेवा का अवसर देना ही ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई खेल संस्कृति है। इसी संस्कृति को आगे बढ़ाते हुए पुलिस विभाग में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चयनित 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिए गए।
सीएम ने कहा कि खिलाड़ियों के लिए खुल रहे सरकारी सेवा के ये द्वार उस बदलाव की तस्वीर हैं, जो प्रदेश ने वर्ष 2017 के बाद देखा है। उनके मुताबिक इससे पहले खेल कोटा उपेक्षित था और भर्तियों में प्रतिभा से अधिक सिफारिश और पहुंच की चर्चा होती थी।
विभिन्न विभागों में 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती
सीएम ने दावा किया कि डबल इंजन सरकार ने खेल प्रतिभाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य से जोड़ने का काम किया है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न विभागों में अब तक 534 से अधिक खिलाड़ियों की सीधी भर्ती हो चुकी है।