डेंगू के बाद विभिन्न जिलों में मिले रहे डायरिया व कालरा के मरीजों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि संक्रामक बीमारियों की चपेट में आए हर मरीज की निगरानी की जाए। उनके उपचार में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने बृहस्पतिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में कहा कि नोएडा में कालरा के तीन मरीज और सिद्धार्थनगर में डायरिया से लोगों के बीमार होने की सूचना है। एक-एक मरीज पर 24 घंटे नजर रखी जाए। सर्फाई, फॉगिंग व सैनिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए। क्लोरीन की गोलियां वितरित की जाएं। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के संबंध में जागरूकता अभियान चलाया जाए।
लक्ष्य से 58 फीसदी ज्यादा टीकाकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड प्रोटोकाल का हर हाल में पालन हो। टीकाकरण की समीक्षा के दौरान उन्हें बताया गया कि अब तक प्रदेश में 8 करोड़ 55 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज ली है। यह लक्ष्य का 58 फीसदी से ज्यादा है। दूसरी डोज लेने वालों की संख्या दो करोड़ हो गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि वैक्सीन की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भारत सरकार से लगातार बातचीत रखी जाए। मुख्यमंत्री को बताया गया कि अब तक 462 ऑक्सीजन प्लांट क्रियाशील किए गए हैं।
किसानों की शिकायतों का हो तत्काल निस्तारण
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पीएम किसान योजना के लाभार्थियों से जुड़ी शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। दो दिन में 26000 से अधिक शिकायतों के निस्तारण पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से किसानों से संवाद कर निराकरण के संदर्भ में उनकी प्रतिक्रिया ली जाए। सीएम ने बाढ़ व अतिवृष्टि से प्रभावित फसलों का आकलन प्रत्येक दशा में अगले 15 दिनों में करने में निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसानों के नुकसान की भरपाई समय से हो।
छात्रवृत्ति का समय से करें भुगतान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विद्यार्थियों को देय छात्रवृत्ति का भुगतान समय से किया जाए। सामान्य वर्ग के छात्रों को तत्काल शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ दिलाया जाए। इसी तरह अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के मौके पर वृद्धावस्था पेंशन पात्रों के बैंक खाते में भेज दी जाए।
सायरन बजाने वालों पर हो कार्रवाई
नियम विरुद्ध हूटर, सायरन बजाने वाली गाड़ियों को चालान कर सीज करने की कार्यवाई के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे वाहन सड़कों पर माहौल खराब करते हैं।