योगी ने कहा कि साढ़े 8 वर्ष में यूपी में हम जो परिवर्तन करने में सफल हुए हैं वह पीएम मोदी के मार्गदर्शन और हर एक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है। यूपी को बीमारू राज्य से रेवेन्यू सरप्लस स्टेट के रूप में स्थापित किया। आज यूपी दंगा, माफिया व अपराधमुक्त होकर पर्यटन, निवेश के लिए देश के बेहतरीन राज्यों में शामिल है। हमने बिना भेदभाव पौने नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी। डेढ़ करोड़ से अधिक नौजवानों को परंपरागत उद्यम में नौकरी व रोजगार से जोड़ा। निवेश, सुरक्षा, कानून के राज से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजनाएं धरातल पर उतरीं।
25 को आएंगे पीएम: सीएम ने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म शताब्दी कार्यक्रम है। राजधानी में बने राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल में जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाओं को स्थापित किया गया है। संग्रहालय भी है। इसका उद्घाटन व रैली लखनऊ में होगी। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर पूरा कराएं, फिर अयोध्या में रामलला और यहां राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दर्शन कराएंगे।