एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के गढ़ में ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए प्रचार करने पहुंचे योगी ने मलकजगिरि और शालीबंदा लाल दरवाजा में बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, एआईएमआईएम के एक विधायक ने जब संविधान की शपथ लेने की बात आई, तो हिंदुस्तान बोलने से इनकार कर दिया। हिंदुस्तान के नाम पर शपथ नहीं ली। हिंदुस्तान में रहेंगे, हिंदुस्तान का खाएंगे, लेकिन जब शपथ लेने की बात आएगी तो हिंदुस्तान नाम बोलने में संकोच करेंगे। एआईएमआईएम की असलियत यही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) तथा ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता असदुद्दीन ओवैसी के गठजोड़ को नापाक और जन भावना का मजाक बताते हुए इसे तोड़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मलकजगिरि और शालीबंदा लाल दरवाजा के अलका थिएटर ग्राउंड में जनसभा को संबोधित किया।
हैदराबाद ओवैसी का गढ़ है। वे वहीं से सांसद हैं। अपनी जनसभा में सीएम योगी ने ओवैसी पर खूब हमला बोला। प्रतीकों व संकेतों के सहारे हिंदुत्व के सरोकारों को धार दी। राम जन्मभूमि से तेलंगाना व आंध्र प्रदेश का भावनात्मक जुड़ाव याद दिलाते हुए भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
योगी ने कहा कि मैंने आज देखा कि यहां पर एक नदी के अतिक्रमण को न हटाने के कारण लोगों को बाढ़ की त्रासदी का सामना करना पड़ रहा है। उस नदी की अविरलता, निर्मलता इसलिए नहीं बन सकती क्योंकि एआईएमआईएम से जुड़े लोगों ने अवैध कब्जे कर यहां के लोगों को बाढ़ से डुबोने की साजिश रचा है।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गृहमंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर हैदराबाद और तेलंगाना के लोगों को जम्मू-कश्मीर में भी भूमि खरीदने का अधिकार दे दिया है। जब देश के सारे नेता सो रहे थे तो प्रधानमंत्री कोविड वैक्सीन के लिए अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे की लैब का दौरा कर रहे थे। यहां भी आए थे। टीआरएस के मुख्यमंत्री तो आज तक हैदराबाद की लैब में नहीं गए होंगे।
अराजकता फैलाने के लिए मिले दो नमूने
योगी ने कहा- एआईएमआईएम के दो भाई हमेशा उल्टा बोलते हैं। टीआरएस को एआईएमआईएम जैसे नमूने अराजकता फैलाने के लिए मिल गए हैं।
निजाम के सहारे भी दी धार
योगी ने हैदराबाद वालों को याद दिलाया कि उनके पूर्वज निजामशाही के खिलाफ लड़ाई लडे़ थे। निजाम के रूप में एक परिवार फिर से आकर पूरे तेलंगाना व हैदराबाद में लूट-खसोट का दुस्साहस कर रहा है। हैदराबाद के लोगों को इसका जवाब देना चाहिए।
योगी ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए तेलंगाना और हैदराबाद से भारी संख्या में कारसेवक गए थे। आपके पूर्वज इसके लिए लगातार आंदोलन करते रहे, लेकिन कुछ लोग थे जो आपकी आस्था का अपमान करते रहे।
भ्रष्टाचार पर भी घेरा
टीआरएस व ओवैसी के गठजोड़ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के अंदर 12 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का छह हजार रुपये सालाना डीबीटी के माध्यम से ऑनलाइन उनके अकाउंट में डाल सकते हैं, तो फिर हैदराबाद में बाढ़ पीड़ितों की दी जाने वाली राशि गरीबों के खाते में क्यों नहीं पहुंची। जाहिर है कि भ्रष्टाचार हुआ। जिस हैदराबाद में विकास की बहुत संभावनाएं थीं, उन पर यहां का एक परिवार व उनकी मित्र मंडली कुंडली मारकर बैठ गई।