मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में नवरात्र के प्रथम दिवस पर मिशन शक्ति के अंतर्गत आयोजित महिला सशक्तिकरण रैली को बुधवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मिशन शक्ति मिसाल बन गया है, वहीं अनेक राज्यों में भी इसे मान्यता मिली है।
उन्होंने कहा कि आज से नवरात्र प्रारंभ हो गए हैं। भारतीय परंपरा में यह शक्ति पूजा का अनुष्ठान है। नौंवी तिथि पर भगवान श्रीराम का जन्म हुआ था। देवीपाटन शक्तिपीठ का अपना महात्म्य है। नवरात्र में यहां दूरदराज से भक्त आकर मां के दर्शन करते हैं। मुख्यमंत्री योगी ने नवरात्र के पहले दिन देवीपाटन शक्तिपीठ में दर्शन व पूजा भी की।
महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन है यात्रा का उद्देश्य
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने 2020 में मिशन शक्ति के तहत एक अभियान प्रारंभ किया था तब भी मैं यहां आया था। बलरामपुर से उस कार्यक्रम को हमने आगे बढ़ाया था। मिशन शक्ति का कार्यक्रम मिसाल बन गया है। इस कार्यक्रम को अनेक राज्यों में मान्यता मिली। आज जब नवरात्र प्रारंभ हुए हैं, तब यूपी पुलिस ने दो कार्यक्रम प्रारंभ किये हैं। पहली यात्रा मां पाटेश्वरी के इस पावन धाम बलरामपुर से प्रारंभ होकर बुंदेलखंड के ललितपुर पहुंचेगी।
ये भी पढ़ें - ऊर्जा मंत्री ने कहा, धार्मिक स्थलों को निर्बाध बिजली, हड़ताल में प्रताड़ित करने वाले होंगे चिह्नित
ये भी पढ़ें - 69000 सहायक शिक्षक भर्ती : अभ्यर्थी एकल पीठ के आदेश को देंगे चुनौती, हाईकोर्ट ने 6800 की चयन सूची की है रद्द
दूसरी यात्रा मां विंध्यवासिनी धाम से शुरू होकर गौतमबुद्ध नगर तक पहुंचेगी। रामनवमी पर पहली यात्रा ललितपुर और दूसरी यात्रा गौतमबुद्ध नगर में पहुंचेगी। इसके पीछे उद्देश्य महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन है। इस थीम पर यह यात्रा प्रारंभ हुई है। इस यात्रा को प्रारंभ कर खुशी की अनुभूति हो रही है। यह यात्रा जिन भी जिलों में जाएगी, वहां नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम करते हुए बढ़ेगी। बाइक से निकली यह यात्रा प्रतिदिन 80 से 120 किमी. तक चलेगी।
जीवन लोककल्याण के लिए समर्पित करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कामना की कि मां भगवती आपको इतना समृद्ध करें कि आप अपना जीवन लोक कल्याण के लिए समर्पित कर सकें। सीएम ने महिला सशक्तिकरण यात्रा के प्रति भी शुभकामनाएं दीं।
बच्चों को किया दुलार
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने नन्हे बच्चों को दुलार भी किया। इस दौरान स्थानीय महिला प्रधानों ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधायक कैलाश शुक्ल, पलटू राम समेत कई महिला प्रधान अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासन-पुलिस के अधिकारी भी मौजूद रहे।