सीएम ने राजपत्रित अधिकारियों से होलिका दहन के स्थलों के निरीक्षण के भी निर्देश दिए हैं जिससे कोई विवाद न उत्पन्न हो। कहा, थाना स्तर पर पीस कमेटी की बैठक कर पांच वर्षों में पंजीकृत अभियोगों में चार्जशीटेड आरोपियों और 10-10 शरारती तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
दंगा निरोधी यंत्रों और उपकरणों को जांच लें और पुलिस लाइन में दंगा रिहर्सल व मॉक ड्रिल भी कराएं। मुख्यमंत्री ने संवेदनशील मार्गों पर फ्लैगमार्च की हिदायत देते हुए बाइकर्स के खिलाफ जांच अभियान चलाने को कहा।
जुलूस के रास्तों के धार्मिक स्थलों की हो पर्याप्त सुरक्षा
योगी ने कहा कि शोभा यात्राओं के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पूरे प्रबंध किए जाएं। जुलूस के मार्गों पर पड़ने वाले धार्मिक स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करें। चौकीदार, होमगार्ड और एसपीओ का इस्तेमाल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहायक पुलिस बल के रूप में करें।
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतें और ऐसे क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी करें। 112 की गाड़ियों का रूट चार्ट तैयार किया जाए और इन्हें संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमणशील रखें। साथ ही यह ध्यान रखें कि ऐसे मौकों पर महिलाओं से छेड़छाड़ न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखें। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफार्म पर ऐसी पोस्ट जो सामाजिक एवं धार्मिक विद्वेष उत्पन्न करते हैं, उनका खंडन कर तत्काल उसे संबंधित साइट से हटवाएं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
सोशल मीडिया पर रखें विशेष नजर
मुख्यमंत्री ने कोरोना और स्वाइनफ्लू को लेकर भी अफसरों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी सीएमओ से कहा है कि वे इन बीमारियों से बचाव, रोकथाम और त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को होली के मद्देनजर सीएमओ से समन्वय स्थापित कर जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों को अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए। चिकित्सालयों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाएं एवं उपकरणों उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने सफाई और प्रकाश की समुचित व्यवस्था कराने को कहा है।
पर्याप्त सुरक्षा की तैयारी
- 141486 स्थानों पर होगा होलिका दहन
- जिलों के लिए 40 कंपनी पीएसी आवंटित
- 18 कंपनी अर्ध सैनिक बल भी होंगे तैनात
- 916 स्थानों पर निकाला जाएगा जुलूस
- 20 जिले अति संवेदनशील