मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, कानपुर नगर व प्रयागराज में कांटेक्ट ट्रेसिंग में वृद्धि किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ को ट्रेनिंग देकर कोविड अस्पतालों में मैनपावर बढाने में तेजी लाई जाए। लेवल-2 और लेवल-3 अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाने की कार्यवाही को लगातार जारी रखा जाए।
मुख्यमंत्री लोक भवन में उच्च स्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने में कांटेक्ट ट्रेसिंग की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए कॉंटेक्ट ट्रेसिंग की कार्यवाही व्यवस्थित व प्रभावी ढंग से की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने तथा कोविड-19 की बेहतर उपचार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए रणनीति बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि कोरोना के प्रति लोगों को सतत जागरूक किया जाए। चिकित्सा कर्मियों को मेडिकल संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए उन्हें पीपीई किट, ग्लव्स, मास्क एवं सेनिटाइजर की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड-19 से संक्रमित मरीजों से सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से भी संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की जानकारी ली जाए।