मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द ही अमेठी में 2000 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव निवेश के आएंगे। अमेठी में यूपीसीडा के माध्यम से प्रस्ताव मिले हैं, भूमि आरक्षित हुई है। जल्द ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। सीएम ने कहा कि 2018 में जब उन्होंने इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन किया तो टीम ने 20000 करोड़ का लक्ष्य रखा था। इतने कम लक्ष्य के बाबत पूछने पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कौन आएगा। उस समय उन्होंने निवेश की लोअर लिमिट 2 लाख करोड़ कराई तो लोग हंस रहे थे। निवेशकों से बातचीत के दौरान भी उन्होंने कहा कि हम बहुत निराश होकर वहां से निकले हैं हम आना नहीं चाहते। लेकिन पहले इन्वेस्टर्स सबमिट में पौने 5 लाख करोड़ रुपए के प्रस्ताव मिले। ठीक 5 साल बाद जब इस बार फरवरी में इन्वेस्टर्स समिट किया गया तो 38 लाख करोड़ के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में परिवर्तन लैंड बैंक और व्यवसाईयों की सुरक्षा से यह परिणाम आया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को एक्सप्रेस-वे प्रदेश कहा है। वर्तमान में प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे चल रहे हैं, जबकि सात नए बन रहे हैं।
एक नजर में बाटलिंग प्लांट
अमेठी। केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद के प्रयास से अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर स्थित इंडस्ट्रियल एरिया त्रिशुंडी में 900 करोड़ की लागत से बने एल एम जी कोका कोला बाटलिंग प्लांट की सौगात मिली। यह प्लांट त्रिसुंडी इंडस्ट्रियल एरिया में 33 एकड़ में फैला है। 900 करोड रुपए की लागत से इस बने प्लांट में कोका-कोला थम्स अप, लिम्का किल्ले वाटर समेत आठ प्रोडक्ट बनेंगे।अत्याधुनिक मशीनें 8 लाइन में एक मिनट में 4500 बॉटल तैयार करेंगी। इस फैक्टरी में 900 लोगों को सीधे और प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा जबकि 15 हजार हजार से अधिक अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार का अवसर मिलेगा।
मिलेगा रोजगार, होगा विकास
त्रिशुंडी औद्योगिक क्षेत्र में एसएलएमजी बेवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड की ओर से कोको कोला प्लांट का उद्घाटन सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। प्लांट के माध्यम से लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जिस पर लोगों ने खुशी जाहिर की है। खानापुर गांव निवासी श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास के साथ लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल रामगंज के उपाध्यक्ष संजय जायसवाल साईं ने कहा कि त्रिसुंडी में पेय पदार्थ के लिए आधुनिक ऑटोमेटिक संयंत्र लगाया गया है। जो दक्षिण पश्चिम एशिया का सबसे बड़ा प्लांट है। लोगों को कंपनी में उत्पादन होने वाला पेय पदार्थ शुद्ध और आसानी से उपलब्ध हो जाया करेगा। जिसकी एजेंसी लेकर लोग व्यापार कर सकेंगे। सोनारी निवासी संजय तिवारी पूर्वांचल के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी में कोका-कोला फैक्ट्री को लेकर कहा कि इससे क्षेत्र का विकास होने के साथ लोगों की बेरोजगारी भी दूर होगी। कंपनी के आसपास लोग चाय- पान, वाहनों के टायर ट्यूब आदि की दुकान रखकर जीविकोपार्जन कर सकते हैं। छीड़ा निवासी केदारनाथ वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के लिए आज का दिन खास है। इससे बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा।